रायपुर। राजधानी के ऐतिहासिक जयस्तंभ चौक पर शहीद वीर नारायण सिंह के स्मारक को फ्लेक्स से ढके जाने को लेकर विवाद सामने आया है। यह मामला 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर लगाए गए पोस्टर, बैनर और होर्डिंग्स के बीच सामने आया।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने स्मारक को फ्लेक्स से ढके जाने पर आपत्ति जताई है। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे शहीद वीर नारायण सिंह के सम्मान और छत्तीसगढ़िया समाज की भावनाओं से जुड़ा मामला बताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
पार्टी की ओर से नगर निगम आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इसके अलावा गोलबाजार थाने में भी आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। आवेदन में भारतीय न्याय संहिता और छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
पार्टी पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मामले को लेकर चर्चा की। पार्टी के अनुसार, पुलिस की ओर से संबंधित व्यक्ति की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी का कहना है कि शहीद वीर नारायण सिंह छत्तीसगढ़ के गौरव और ऐतिहासिक व्यक्तित्व हैं। पार्टी ने स्मारक की गरिमा बनाए रखने और ऐतिहासिक स्मारकों को प्रचार सामग्री के लिए इस्तेमाल किए जाने से रोकने की मांग की है।

