रायपुर: छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने अपने उपभोक्ताओं के लिए एक हाई-टेक सुविधा की शुरुआत की है। अब आपको अपने बिजली बिल के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने या मैसेज का इंतजार करने की जरूरत नहीं होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर अब प्रदेश के 30 लाख से अधिक व्हाट्सएप यूजर्स को सीधे उनके मोबाइल पर बिजली बिल भेजा जाएगा।
एक क्लिक में भुगतान और PDF की सुविधा
इस नई सर्विस की सबसे बड़ी खासियत इसकी सरलता है। उपभोक्ताओं को उनके व्हाट्सएप पर बिल का PDF भेजा जाएगा, जिसे वे कभी भी डाउनलोड कर सकते हैं। बिल के साथ ही एक ‘Pay Now’ का बटन भी होगा। इस पर क्लिक करते ही आप गूगल पे, फोन पे या पेटीएम जैसे किसी भी UPI ऐप से सीधे भुगतान कर सकेंगे।
साइबर फ्रॉड को रोकने के लिए ‘ब्लूटिक’ कवच
बिजली बिल के नाम पर होने वाली ठगी को रोकने के लिए विभाग ने बड़ा कदम उठाया है।
• वेरिफाइड आईडी: उपभोक्ताओं को बिल केवल CSPDCL की आधिकारिक ब्लूटिक (Verified) वाली आईडी से ही भेजा जाएगा।
• फ्रॉड से बचाव: अगर आपको किसी साधारण 10 अंकों के मोबाइल नंबर से ‘बिल पेंडिंग’ या ‘लाइन कटने’ का मैसेज आता है, तो वह फर्जी हो सकता है। आधिकारिक बिल हमेशा अधिकृत आईडी से ही आएगा, जिससे साइबर ठगों की बोलती बंद हो जाएगी।
कैसे उठाएं इस सुविधा का लाभ?
1. रजिस्ट्रेशन: जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर बिजली कंपनी में रजिस्टर्ड है, उन्हें यह सुविधा स्वतः मिलने लगेगी।
2. नंबर दर्ज कराएं: अगर आपका नंबर लिंक नहीं है, तो टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल करें या ‘मोर बिजली ऐप’ के जरिए अपना 10 अंकों का बीपी (BP) नंबर रजिस्टर कराएं।
3. ऑफिशियल नंबर: विभाग ने इसके लिए आधिकारिक नंबर 9425551912 निर्धारित किया है।

