Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

CSPTCL IPO: छत्तीसगढ़ की पहली सरकारी कंपनी बन सकती है शेयर बाजार में ट्रेड होने वाली कंपनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द ही अपना आईपीओ (इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग) लाने की तैयारी कर रही है। इसके माध्यम से कंपनी आम निवेशकों से पूंजी जुटाने की योजना बना रही है। यदि यह प्रस्ताव सफल होता है, तो CSPTCL राज्य सरकार की पहली ऐसी कंपनी बन जाएगी, जिसके शेयर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होकर ट्रेड किए जाएंगे।

सूत्रों के अनुसार, कंपनी स्तर पर इस संबंध में उच्चस्तरीय चर्चा जारी है। इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हो चुकी है, लेकिन उसके शेयरों में नियमित कारोबार नहीं होता। कंपनी ने वर्ष 2014-15 और 2015-16 में बॉन्ड जारी कर निवेशकों से पूंजी जुटाई थी।

अब CSPTCL अपने स्वामित्व की कुछ हिस्सेदारी आम निवेशकों के लिए उपलब्ध कराने पर विचार कर रही है। आईपीओ के बाद कंपनी के शेयर स्टॉक मार्केट में सूचीबद्ध होंगे, जिससे निवेशक उनकी खरीद-बिक्री कर सकेंगे। कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर शेयरों के मूल्य में उतार-चढ़ाव होगा और उसके बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैपिटलाइजेशन) में भी वृद्धि की संभावना रहेगी।

शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने से कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और निवेशकों का दायरा भी बढ़ेगा। इसके साथ ही आम नागरिकों को भी कंपनी में हिस्सेदारी का अवसर प्राप्त होगा। भविष्य में लाभ बढ़ने पर कंपनी अपने शेयरधारकों को डिविडेंड का लाभ भी दे सकेगी।

कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी विद्युत कंपनियां आईपीओ के माध्यम से आम जनता से पूंजी जुटा रही हैं। केंद्र सरकार की कई ऊर्जा कंपनियां पहले से ही शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी के आईपीओ को लेकर उच्च स्तर पर चर्चा चल रही है और यह पूरी तरह शासन स्तर पर लिया जाने वाला निर्णय है।

Exit mobile version