Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

राजनांदगांव डेंटल कॉलेज मेस में खाने में मिला मरा मेंढक, छात्रों में हड़कंप

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सुंदरा स्थित डेंटल कॉलेज के मेस में 7 जनवरी की रात छात्रों के डिनर में मरा हुआ मेंढक मिलने का मामला सामने आया। छात्रों ने बताया कि मूंग की दाल में मृत मेंढक था, वहीं चावल में कीड़े भी दिखाई दिए।

घटना के बाद फूड एवं सेफ्टी विभाग की टीम ने मेस का अचानक निरीक्षण किया। जांच में मेस में साफ-सफाई की कमी और एक्सपायरी खाद्य सामग्री का भी पता चला। विभाग ने मेस संचालक संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

कॉलेज के डीन, डॉक्टर एसके नंदा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और संस्था को समय-समय पर साफ-सफाई का ध्यान रखने के निर्देश दिए जाते हैं। हालांकि उन्होंने एक्सपायरी सामग्री मिलने की बात से इनकार किया।

छात्रों ने कहा कि दूषित भोजन और उसमें मृत जीव मिलने से फूड पॉइजनिंग और बैक्टीरियल इंफेक्शन जैसी स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा है। कॉलेज में अलग-अलग राज्यों से पढ़ने वाले विद्यार्थी पूरी तरह मेस पर निर्भर हैं।

जिला खाद्य अधिकारी तरुण बिरला ने कहा कि सैंपल लिए गए हैं और कमियों के आधार पर नोटिस जारी किया गया है। हालांकि अभी तक एक्सपायरी खाद्य सामग्री को जब्त नहीं किया गया है।

Exit mobile version