रायपुर। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तीखा हमला करते हुए कहा कि बीजेपी में लोकतांत्रिक चुनाव नहीं, बल्कि मनोनयन की प्रक्रिया होती है और अध्यक्ष “रिमोट कंट्रोल” से तय किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल कांग्रेस में है, जहां मल्लिकार्जुन खड़गे चुनाव जीतकर राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।
मनरेगा बचाओ अभियान को लेकर बैज ने बताया कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में पदयात्रा और जनसंपर्क कर रही है। अब तक 40 किलोमीटर से अधिक पदयात्रा हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी मनरेगा का नाम और स्वरूप बदलकर ग्रामीणों के हितों को नुकसान पहुंचा रही है।
पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि अगर सरकार में हिम्मत है तो मुख्यमंत्री समय और स्थान तय करें, कांग्रेस दो साल की नाकामियों पर खुली बहस को तैयार है। सोनिया गांधी पर टिप्पणी को लेकर उन्होंने अजय चंद्राकर से माफी की मांग की।
दीपक बैज ने 2026 के बजट, कैबिनेट बैठकों, डीएड अभ्यर्थियों की भर्ती, रसोईया संघ के आंदोलन और धान उठाव में गड़बड़ी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश को चूहे नहीं, बल्कि सरकार के “14 चूहे” खा रहे हैं और कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।