रायपुर। दीपक बैज ‘गांव पहुंच अभियान’ के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में जुटे हैं। इसी कड़ी में वे आज कोरबा दौरे पर रहेंगे।
इससे पहले सरगुजा प्रवास के दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करते हुए विभिन्न मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा। सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा में उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रदेश में करीब 27 हजार बूथ कमेटियां और 15 हजार से अधिक पंचायत व वार्ड कमेटियां गठित की जाएंगी।
इसके लिए जिलाध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, वहीं वरिष्ठ नेताओं को गांव-गांव जाकर कार्यकर्ताओं की सहमति से कमेटियां बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि अभियान की शुरुआत बस्तर से की गई है और वे लगातार 14 दिनों तक सरगुजा संभाग का दौरा कर रहे हैं। अब तक वे 30 से अधिक बूथों और 15 पंचायतों में कमेटियों का गठन कर चुके हैं।