Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर न्यूड पार्टी विवाद पर कांग्रेस का हमला, धान खरीदी और भारत–पाक मैच को लेकर भी सरकार घिरी

रायपुर। राजधानी रायपुर में वायरल हुए कथित न्यूड पार्टी इनविटेशन कार्ड के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने इसे राज्य की भाजपा सरकार की “नग्न सोच” करार देते हुए सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में ऐसे अराजक तत्वों को खुली छूट मिली है, जिससे समाज की संस्कृति और मर्यादा पर चोट पहुंच रही है।

“सरकार की शह के बिना संभव नहीं”

बैज ने रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “बिना सरकार की शह के इस तरह की आपत्तिजनक घटनाएं संभव नहीं हैं। यह छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बिगाड़ने और गलत परंपरा शुरू करने की साजिश है। भाजपा सरकार की सोच ही नग्न है, तभी ऐसे लोग बेखौफ हैं।” उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

धान खरीदी पर सरकार को घेरा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने धान खरीदी की तैयारियों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि धान खरीदी उपसमिति की बैठक में किसानों के पंजीयन के लिए जिस एग्रीस्टेक पोर्टल का जिक्र हुआ, वह अब तक ठीक से चालू नहीं हो पाया है। ग्रामीण इलाकों की नेटवर्क समस्या के चलते किसान परेशान हैं।
बैज ने आरोप लगाया, “सरकार की मंशा साफ नहीं है। वह समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से बचना चाहती है। कांग्रेस की मांग है कि पुरानी पद्धति को सरल बनाकर ही धान खरीदी की प्रक्रिया चलाई जाए, ताकि किसान बिना परेशानी के अपना धान बेच सकें।”

भारत–पाकिस्तान मैच पर सवाल

एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले टी20 मैच को लेकर भी बैज ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “हाल ही में 26 परिवारों का सिंदूर उजड़ा है। हमारे जवानों की शहादत ताज़ा है। प्रधानमंत्री खुद कहते हैं कि ‘खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते’। जब गोलियां चल रही हैं और आतंकवाद सक्रिय है, तो क्रिकेट कैसे खेला जा सकता है?”
बैज ने आरोप लगाया कि इस मैच का आयोजन करके सरकार ने पाकिस्तान के सामने “सरेंडर” जैसा कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता हर संकट में सरकार के साथ रही है, लेकिन ऐसे हालात में भारत–पाकिस्तान मैच कराने की कोई आवश्यकता नहीं थी।

Exit mobile version