रायपुर। उप मुख्यमंत्री व पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित जिला पंचायत और जनपद सदस्यों में 80 फीसदी भाजपा समर्थक हैं। शर्मा ने इसे जनता का साय सरकार के कार्यों पर विश्वास करार दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के भ्रष्टाचार विरोधी विशेष अभियान को जनता का समर्थन मिला है। महतारी वंदन योजना के सफल क्रियान्वयन और किसानों के हित में लिए गए फैसलों से सरकार को लाभ हुआ है। पांच लाख भूमिहीन मजदूरों के खाते में पैसा जमा किया गया है, जिससे जनता का सरकार पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बीजेपी चुनाव को ध्यान में रखकर काम नहीं करती, बल्कि निरंतर विकास कार्यों को प्राथमिकता देती है। पीएम आवास योजना के तहत छत्तीसगढ़ के लोगों को लाभ मिल रहा है, जिसका असर चुनावी नतीजों में दिखा है।
बस्तर में पहली बार मतदान को लेकर उन्होंने कहा कि 60 से अधिक ऐसे गांव हैं जहां पहली बार मतदान हुआ, जिनमें नक्सल प्रभावित हिड़मा का गांव पूवर्ती भी शामिल है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीजेपी पर जनप्रतिनिधियों को हराने के षड्यंत्र के आरोपों पर विजय शर्मा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के आरोप तर्कहीन हैं। उन्होंने कहा कि जीत-हार का अंतर स्पष्ट है और जनता ने बीजेपी को भारी समर्थन दिया है।