मुंगेली। उप मुख्यमंत्री और स्थानीय विधायक अरुण साव ने लोरमी दौरे के दौरान ग्राम कारीडोंगरी और दरवाजा के बीच मनियारी नदी पर बन रहे पुल का औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की धीमी गति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
निरीक्षण के बाद उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि पुल का काम अब तक पूरा हो जाना चाहिए था, लेकिन कार्य समय सीमा से काफी पीछे है। कम मजदूरों के साथ काम समय पर पूरा नहीं हो सकता। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि बारिश से पहले हर हाल में पुल का निर्माण पूरा किया जाए, ताकि वनांचल के ग्रामीणों को बारिश में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ नोटिस देने से काम नहीं चलेगा, जरूरत पड़ने पर ठेकेदार पर पेनाल्टी भी लगाई जाए। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पुल निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

