Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

बारिश से खराब सड़कों पर डिप्टी CM अरुण साव सख्त, 15 अक्टूबर तक मरम्मत के निर्देश

रायपुर। उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने लोक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेशभर की सड़कों और पुलों की स्थिति की समीक्षा की। बारिश से खराब हुई सड़कों को लेकर उन्होंने अधिकारियों को गंभीरता से काम करने और क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।

नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित बैठक में सभी परिक्षेत्रों के मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता और कार्यपालन अभियंता मौजूद रहे। अरुण साव ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर सड़कों और पुलों की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने को कहा।

उन्होंने मरम्मत और संधारण कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार करने तथा आवश्यक निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर एजेंसी तय करने के निर्देश दिए। सड़कों, पुलों और डिवाइडरों की मरम्मत के साथ साफ-सफाई और रंग-रोगन कराने पर भी जोर दिया गया।

जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनका निर्माण 15 अक्टूबर से तेजी के साथ शुरू करने को कहा गया। निर्माण कार्यों के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था, डायवर्टेड रूट और उचित साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में परफॉर्मेंस गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत संबंधित ठेकेदारों से कराने और सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा सेवा संकल्प अभियान के तहत विभागीय कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

Exit mobile version