रायपुर। डिप्टी सीएम और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने प्रदेश के सभी नगर निगमों और नगर पालिकाओं की समीक्षा बैठक में पेयजल समस्या, अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर नाराजगी जताई। उन्होंने इन समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए और काम में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
धमतरी में पेयजल योजना में देरी पर उन्होंने कार्यपालन अभियंता को निलंबित करने और ठेकेदार पर पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरे करने पर जोर दिया।
उन्होंने 31 मई तक नाला-नालियों की सफाई, जलभराव रोकने के उपाय और पेयजल समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे घरों को सितंबर 2026 तक पूरा करने और स्ट्रीट वेंडर्स को पीएम स्वनिधि योजना का लाभ दिलाने के लिए भी कहा।
बैठक में शहरी विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।


