लोरमी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोरमी में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान खुड़िया वनपरिक्षेत्र से जुड़ा मामला सामने आया, जहां वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भेदभाव के आरोप लगाए गए।
DFO का ग्रामीणों ने किया घेराव:
कार्यक्रम के दौरान खुड़िया क्षेत्र के ग्रामीणों ने वन विभाग के डीएफओ का घेराव कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में पक्षपात किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि यदि कार्रवाई हो, तो सभी अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ समान रूप से की जाए, अथवा जिन लोगों ने लंबे समय से खेती कर जीवन-निर्वाह किया है, उन्हें बेदखल न किया जाए।
भाजपा नेता का बड़ा आरोप:
इस मुद्दे पर भाजपा नेता हुक्मीचंद जायसवाल ने खुड़िया रेंजर रुद्र राठौर पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई से पहले कारीडोंगरी स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस में ग्रामीणों के साथ बैठक बुलाई गई थी। इस दौरान रेंजर ने अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कथित रूप से कहा:
“यहां मैं हूं, ना एसडीओ कुछ करेगा, ना डीएफओ, ना विधायक, और ना प्रधानमंत्री — जो मैं करूंगा वही होगा।”

