Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

धमतरी में नेपाली मोमोज से फैला फूड पॉइजनिंग का मामला: मगरलोड में 18 लोग बीमार, क्षेत्र में अलर्ट जारी

धमतरी। जिले के मगरलोड क्षेत्र में पिछले चार दिनों से पेट दर्द, उल्टी और दस्त के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मगरलोड में 18 मरीज भर्ती किए गए, जिनकी तबीयत नेपाली मोमोज खाने के बाद बिगड़ने की पुष्टि हुई है।

परिजनों के अनुसार, सभी मरीजों ने मेघा चौक के पास एक ठेले से मोमोज खरीदे थे। मोमोज खाने के कुछ ही घंटे बाद मरीजों को तेज पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। प्रभावित लोग भैंसमुंडी, बेलरदाना, मगरलोड, मेघा, अरौद, गिरौद, खैरझिटी, भोथीडीह, जामली और आसपास के गांवों से हैं।

बीमार पड़े 18 लोगों में 13 बच्चे (18 वर्ष से कम) और 5 वयस्क शामिल हैं। उपचार के बाद अधिकांश मरीजों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि 4 मरीज अभी भी भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र में मोमोज बेचने पर मौखिक रोक लगा दी है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र को अलर्ट घोषित करते हुए लोगों से अपील की है कि फिलहाल बाहरी ठेलों में बिकने वाले खाद्य पदार्थ न खाएं और किसी भी स्वास्थ्य समस्या पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

Exit mobile version