धमतरी। ग्राम पोटियाडीह में कथित अवैध प्लाटिंग के कारण किसानों की फसल पर संकट मंडरा रहा है। समस्या के समाधान और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी परेशानी बताई।
किसानों का आरोप है कि खेती की जमीन पर अवैध रूप से प्लॉट काटकर बिक्री की जा रही है। प्लाटिंग के दौरान खेतों से जुड़ा निकासी नाला भी पाट दिया गया, जिससे बारिश का पानी खेतों में भरने लगा है। ग्रामीणों के अनुसार पानी निकासी बाधित होने से सैकड़ों एकड़ फसल जलमग्न हो गई है और किसानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों ने प्रशासन से अवैध प्लाटिंग पर तत्काल कार्रवाई करने और जल निकासी व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं होने पर वे आंदोलन करेंगे।

