Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 16 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Dhamtari : पुलिस विभाग में आरक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर 16 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी आकाश चन्द्राकर के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

तुलसी राम साहू और अन्य पीड़ितों ने धमतरी सिटी कोतवाली थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि आकाश चन्द्राकर ने उन्हें पुलिस विभाग में आरक्षक पद पर भर्ती कराने का झांसा देकर 16 लाख रुपए की ठगी की। इस शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। आरोपी लगातार फरार था, जिसके चलते उस पर 5,000 रुपए का इनाम भी घोषित किया गया था।

आरोपी की पहचान परसवानी, महासमुंद निवासी आकाश चन्द्राकर (33 वर्ष), पिता ओमकार प्रसाद चन्द्राकर के रूप में हुई। उसे दुर्ग के बोरसी क्षेत्र में कतक श्यामनगर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने तुलसी राम साहू और अन्य लोगों से कुल 17.85 लाख रुपए लेने की बात स्वीकार की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक राजेश मरई, उप निरीक्षक लक्ष्मीकांत शुक्ला, प्रधान आरक्षक दिनेश तुरकाने, आरक्षक कुलदीप राजपूत और साजिद अली का विशेष योगदान रहा।

Exit mobile version