बिलासपुर के सकरी स्थित अटल आवास में डायरिया का प्रकोप फैल गया है। इस प्रकोप से करीब 50 से अधिक लोग बीमार पड़ गए हैं। बताया जा रहा है कि इलाके में सफाई का अभाव और गंदा पानी पीने से लोग बीमार पड़ रहे हैं।
सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर मरीजों का इलाज शुरू कर दिया है। बारिश के आते ही डायरिया का प्रकोप बढ़ गया है और नलों से आ रहा गंदा पानी पीने से लोगों की तबियत बिगड़ रही है। सकरी क्षेत्र के 50 से अधिक लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। कई परिवारों में एक ही परिवार के 3 से 4 लोग उल्टी और दस्त से पीड़ित हैं, लेकिन बच्चों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है।
लोगों के बीमार होने की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी लोगों को दवा वितरित की है। साथ ही कुछ लोगों को अस्पताल भी भेजा गया है।
सकरी क्षेत्र के अटल आवास में रहने वाले लोगों को पिछले दो दिनों से उल्टी और दस्त की समस्या हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र का सर्वे किया है और घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर दवा का वितरण किया। स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के मुताबिक स्थिति कंट्रोल में है। टीम ने आसपास से पानी का सैंपल कलेक्ट किया है। स्वास्थ्य विभाग यहां कैंप लगाकर लोगों की जांच करेगा।