कवर्धा और बिलासपुर में डायरिया का प्रकोप, 6 लोगों की मौत, स्वास्थ्य विभाग में अलर्ट

छत्तीसगढ़ के कवर्धा और बिलासपुर जिलों में डायरिया का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। कवर्धा जिले के सोनवाही गांव में पिछले एक महीने में डायरिया से 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 3 मौतें पिछले 3 दिनों में हुई हैं। वहीं बिलासपुर जिले में भी डायरिया से एक युवती की मौत हो गई है।

इस घटना से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। प्रभावित गांवों में तत्काल मेडिकल कैंप लगाकर ग्रामीणों की जांच और उपचार की व्यवस्था की जा रही है।

कवर्धा के सोनवाही गांव में डायरिया का प्रकोप गंभीर रूप से फैल रहा है। गांव के कई लोग इस बीमारी से पीड़ित हैं। पहले 2 लोगों की मौत के बाद अब 3 और लोगों की मौत हो जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

वहीं बिलासपुर जिले के बिल्हा क्षेत्र के ग्राम नेवसा और मदनपुर में भी डायरिया का प्रकोप देखा जा रहा है। नेवसा गांव की 19 वर्षीय युवती नेहा धीवर की डायरिया से निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा बिल्हा के अलावा कोटा, रतनपुर और मस्तूरी क्षेत्र के कई इलाकों में भी डायरिया फैला हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग ने इन जिलों में डायरिया को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रभावित इलाकों में मेडिकल टीमों को भेजा गया है और लोगों को स्वच्छता और उबला हुआ पानी पीने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

You May Also Like

More From Author