गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण के तहत 17 फरवरी को मतदान होना है। इसी क्रम में ग्राम धनौली स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय को मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान की तैयारियों के दौरान स्कूल के हेड मास्टर भीष्म प्रसाद त्रिपाठी और सहायक शिक्षिका अर्चना टोप्पो के बीच विवाद हो गया।
विवाद कैसे शुरू हुआ?
हेड मास्टर त्रिपाठी के अनुसार, मतदान केंद्र की व्यवस्था के तहत कक्षा-कक्ष का उपयोग किया जा रहा था, जिसका शिक्षिका अर्चना टोप्पो ने विरोध किया। इस दौरान दोनों के बीच बहस बढ़ गई और शिक्षिका ने अपशब्द कहने के साथ-साथ चप्पल से मारने की कोशिश की।
पुलिस में शिकायत और वीडियो वायरल
घटना की सूचना सी.ए.सी. सुमित दुबे और संकुल प्रभारी अखलेश्वर सोनवानी को दी गई। हेड मास्टर ने पुलिस में शिक्षिका के खिलाफ गाली-गलौच, मारपीट और झूठे मुकदमे की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। इस विवाद से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें शिक्षिका गुस्से में हेड मास्टर से बहस करती दिख रही हैं।
पहले भी हो चुकी है शिकायत
हेड मास्टर का कहना है कि शिक्षिका पिछले दो वर्षों से उनके साथ दुर्व्यवहार कर रही हैं और शासकीय कार्यों में बाधा डाल रही हैं। इसको लेकर शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन को पहले भी शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

