लोरमी: मुंगेली जिले के लोरमी में एक सनसनीखेज साइबर ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में एक सीनियर डॉक्टर को ठगों ने अपने जाल में फंसाकर 7 लाख 35 हजार 891 रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताकर डॉक्टर को धमकाया और उनसे पैसे ट्रांसफर करवा लिए।
क्या है पूरा मामला?
लोरमी थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, 4 सितंबर को शाम 5:57 बजे डॉक्टर दीपक लाज को एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप पर कॉल किया और खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताया। आरोपी ने डॉक्टर को धमकाया कि उनकी आईडी का उपयोग करके दुबई में प्रतिबंधित दवाओं का कारोबार किया जा रहा है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
डॉक्टर को डराने के लिए आरोपी ने वीडियो कॉल पर वर्दी पहनकर खुद को पुलिस अधिकारी के रूप में पेश किया और डॉक्टर से कहा कि वह अपना फोन बंद न करें और किसी को इस बारे में न बताएं। आरोपी ने डॉक्टर से आरबीआई वेरिफिकेशन के नाम पर पैसे ट्रांसफर करने को कहा।
डॉक्टर डर के मारे आरोपी के बताए गए खाते में 7 लाख 35 हजार 891 रुपये ट्रांसफर कर दिए। यह रकम डॉक्टर ने अपनी एफडी तुड़वाकर निकाली थी। जब डॉक्टर को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने बैंक में जाकर अपना खाता जांचा तो पाया कि उनके खाते से सारी रकम निकाल ली गई है।
पढ़े-लिखे लोग भी बन रहे शिकार
यह मामला इस बात को उजागर करता है कि साइबर ठगी अब केवल कम पढ़े-लिखे लोगों तक ही सीमित नहीं रह गई है बल्कि पढ़े-लिखे लोग भी इसके शिकार हो रहे हैं। आरोपी बहुत ही चालाकी से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं।

