दुर्ग जिले के भिलाई में पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर बड़ा प्रहार करते हुए दो युवकों को पकड़ने में सफलता हासिल की है। कार्रवाई के दौरान उनके पास से 1650 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गईं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
मामले की शुरुआत 24 फरवरी 2026 की देर रात मिली एक गुप्त सूचना से हुई। सूचना में बताया गया था कि भिलाई के सेक्टर-01 स्थित पंप हाउस के पास कुछ लोग नशीली दवाओं की सप्लाई में लगे हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम हरकत में आई और तय रणनीति के तहत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी।
संदिग्ध गतिविधि देख रहे दो युवकों को रोककर जब तलाशी ली गई, तो उनके पास से भारी मात्रा में अल्प्राजोलम टैबलेट मिलीं। पुलिस ने मौके से एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया, जिसका इस्तेमाल इस अवैध काम में किया जा रहा था।
पूरे मामले में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 (c) के तहत केस दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हैं।
गिरफ्तार आरोपी:
- सागर सिंह राजपूत (21 वर्ष), वार्ड 18, सेक्टर 03, भिलाई
- अतुल यादव (20 वर्ष), वार्ड 6/F, सेक्टर 01, भिलाई

