दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से ऑनलाइन ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम के जरिए युवती से दोस्ती कर उसके परिवार से करीब 40 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी तुषार गोयल (21), निवासी शिक्षक नगर दुर्ग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के पास से 18 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर, लगभग 5 लाख रुपये कीमत के चार दोपहिया वाहन और अन्य सामान जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है।
कैसे हुई ठगी
नंदिनी रोड, भिलाई निवासी प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसकी बेटी से इंस्टाग्राम पर दोस्ती की। इसके बाद उसने परिवार का विश्वास जीतकर गहनों और बैंक डिपॉजिट की जानकारी हासिल की। आरोपी ने धोखे से –
- 2 नेकलेस, 2 चैन, 3 जेंट्स अंगूठियां, 4 चुड़ियां, 3 लेडीज अंगूठियां, 1 मंगलसूत्र, 1 जोड़ी झुमके, 5 जोड़ी टॉप्स, 1 डायमंड पेंडल युक्त चैन और 1 नथनी ले ली।
- लगभग 26 लाख रुपये की फिक्स डिपॉजिट राशि भी निकलवा ली।
- प्रार्थी और उसकी पुत्री के नाम पर 4 दोपहिया वाहन और मोबाइल फोन भी फायनेंस कराए।
पुलिस की कार्रवाई
शिकायत पर धारा 420 भादवि एवं 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि आरोपी लगातार किराए का मकान बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था।
आखिरकार पतासाजी कर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा और उसकी निशानदेही पर जेवर और वाहन जब्त किए। फिलहाल आरोपी तुषार गोयल को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।