रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला और कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी बताए जाने वाले कृष्ण कुमार श्रीवास्तव (केके श्रीवास्तव) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया है। विशेष अदालत में पेशी के बाद कोर्ट ने उन्हें 8 दिन की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। अब ईडी 7 अगस्त तक उनसे पूछताछ करेगी।
ईडी ने कोर्ट से 9 दिन की कस्टोडियल रिमांड मांगी थी, लेकिन अदालत ने 8 दिन की मंजूरी दी। केके श्रीवास्तव इससे पहले शराब घोटाला मामले में जेल में थे और मार्च 2026 में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद अप्रैल में रिहा हुए थे।
केके श्रीवास्तव पर स्मार्ट सिटी और नवा रायपुर परियोजनाओं में काम दिलाने के नाम पर 15 करोड़ रुपये की कथित ठगी का आरोप है। वहीं जांच एजेंसियां उनके बैंक खातों में करीब 300 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेन-देन और कथित हवाला नेटवर्क की भी जांच कर रही हैं।
रिमांड के दौरान ईडी पैसों के स्रोत, बैंक ट्रांजेक्शन, हवाला नेटवर्क और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ करेगी। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


