Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

ED Action in CG: महादेव ऑनलाइन बुक मामले में 91.82 करोड़ की संपत्ति अटैच

रायपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के रायपुर जोनल कार्यालय ने महादेव ऑनलाइन बुक (MOB) और Skyexchange.com से जुड़े अवैध सट्टेबाजी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 91.82 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्तियों को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत अटैच किया है।

ED ने इस कार्रवाई में मिस परफेक्ट प्लान इन्वेस्टमेंट LLC और M/s Exim General Trading-GZCO के नाम पर रखे गए करीब 74.28 करोड़ रुपये के बैंक बैलेंस को अटैच किया है। ये संस्थाएं सौरभ चंद्राकर, अनिल कुमार अग्रवाल और विकास छपारिया से जुड़ी बताई गई हैं, जिनका उपयोग अपराध से अर्जित धन (PoC) को वैध निवेश के रूप में दिखाने के लिए किया गया।

इसके अलावा Skyexchange.com से जुड़े गगन गुप्ता की करीब 17.5 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी अटैच की गई हैं। ED की जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक और अन्य अवैध सट्टेबाजी ऐप्स के जरिए भारी मात्रा में अवैध धन अर्जित कर उसे बेनामी खातों, हवाला, क्रिप्टो और विदेशी निवेश के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग किया गया।

अब तक इस मामले में ED ने 175 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की है और करीब 2,600 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त, फ्रीज या अटैच की जा चुकी हैं। मामले में 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और 74 कंपनियों को आरोपी बनाया गया है।

Exit mobile version