Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

हिर्री में विद्यार्थियों से मिले शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, जूते-मोजे भेंट कर बढ़ाया उत्साह

रायपुर। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने दुर्ग जिले के हिर्री गांव में सड़क पर घर लौट रहे स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को देखकर अपना काफिला रुकवाया और उनसे बातचीत की। उन्होंने बच्चों की पढ़ाई, स्कूल की व्यवस्थाओं और संस्कारपरक शिक्षा की जानकारी ली।

विद्यार्थियों ने बताया कि स्कूल में मंत्रोच्चार, सरस्वती वंदना और अन्य संस्कार आधारित गतिविधियों के जरिए पढ़ाई कराई जा रही है। पहले दिन तिलक-चंदन लगाकर स्वागत किया गया था और यूनिफॉर्म भी दी गई है। शिक्षकों ने जल्द ही मुफ्त पाठ्यपुस्तकें और कॉपियां देने की बात भी बताई।

बच्चों की जरूरतों को देखते हुए मंत्री यादव पैदल ही पास की दुकान तक पहुंचे और सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों के लिए जूते-मोजे उपलब्ध कराए। जूते-मोजे पाकर बच्चे खुश हो गए और उन्होंने मंत्री का आभार जताया।

मंत्री यादव ने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, शिक्षकों और माता-पिता का सम्मान करने तथा प्रदेश का नाम रोशन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा के लिए लगातार काम कर रही है।

Exit mobile version