रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में हाथियों के सामाजिक व्यवहार और बुद्धिमत्ता का एक दुर्लभ और दिलचस्प दृश्य सामने आया है। यह नज़ारा जिले के छाल रेंज स्थित पुसल्दा गांव के जंगल में देखा गया, जहां हाथी मित्र दल की टीम ने ड्रोन कैमरे के माध्यम से इस अनोखे क्षण को रिकॉर्ड किया।
वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि एक छोटा शरारती हाथी जंगल में उधम मचा रहा था, तभी एक बड़ा हाथी आगे बढ़कर उसकी पूंछ और कान पकड़ता है, मानो किसी अनुशासनप्रिय अभिभावक की तरह उसे व्यवहार सुधारने का पाठ पढ़ा रहा हो। यह दृश्य हाथियों की पारिवारिक संरचना और सामाजिक अनुशासन की गहरी समझ को दर्शाता है।
हाथी न केवल अत्यधिक बुद्धिमान जानवर माने जाते हैं, बल्कि उनके समूह में सहयोग, सुरक्षा और भावनात्मक जुड़ाव की भावना भी पाई जाती है। रायगढ़ में पूर्व में भी ऐसे कई दृश्य सामने आ चुके हैं—जैसे कि हाथी शावकों के आराम के दौरान बड़े हाथियों का सुरक्षा घेरा बनाना, तीन हाथियों की मौत पर पूरे झुंड का श्रद्धांजलि देने पहुंचना, या कुएं में गिरे हाथी शावक को बचाने पर जेसीबी चालक को विशेष अंदाज़ में धन्यवाद देना।