Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

निर्दलीय प्रत्याशी के भाई के घर से शराब बरामद, आबकारी विभाग का छापा

महासमुंद। तुमगांव नगर पंचायत चुनाव की सरगर्मी के बीच आबकारी विभाग ने निर्दलीय प्रत्याशी बलरामकांत साहू के भाई बसंत साहू के घर पर छापा मारकर महाराष्ट्र ब्रांड की 2 पेटी शराब बरामद की। यह शराब घर के पीछे पैरा में छिपाकर रखी गई थी।

मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग ने वार्ड नंबर 11, रामसागर पारा तालाब के पास स्थित घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान बलरामकांत साहू और उनके भाई बसंत साहू आबकारी अधिकारियों से बहस करने लगे और समर्थकों की भीड़ जुटाने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए आबकारी विभाग को तुमगांव पुलिस को सूचना देनी पड़ी।

तलाशी के दौरान बसंत साहू के बाड़े में रखे पैरा में छिपी 2 प्लास्टिक बोरियों से 197 क्वार्टर (17.7 बल्क लीटर) महाराष्ट्र की देशी संत्रा शराब बरामद हुई। आरोपी बसंत साहू के खिलाफ धारा 34 (1)क, 34 (2), 59(क) एवं 36 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

शुक्रवार सुबह आबकारी विभाग ने दोबारा छापेमारी की, लेकिन इस बार कुछ भी बरामद नहीं हुआ। वहीं, बलरामकांत साहू अपने भाई को छुड़ाने के लिए अधिकारियों को मनाने की कोशिश करते दिखे।

साड़ी का बंडल भी मिला, बिल दिखाने पर जब्त नहीं किया

छापे के दौरान 25 साड़ियों का बंडल भी मिला, लेकिन बिल प्रस्तुत किए जाने के कारण उन्हें जब्त नहीं किया गया। आबकारी विभाग को शक है कि जब्त की गई शराब मतदाताओं को बांटने के लिए लाई गई थी।

Exit mobile version