Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

बस्तर संभाग में बिजली बिल बकाया वसूली, हजारों उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटे

जगदलपुर। बस्तर संभाग के सात जिलों में बिजली बिल के बकाए की समस्या गंभीर हो गई है। उपभोक्ताओं पर कुल दो अरब रुपये का बकाया है, जिसमें से 65 करोड़ रुपये निजी उपभोक्ताओं और 1.35 अरब रुपये शासकीय विभागों पर बकाया है। वसूली के लिए विद्युत कंपनी ने व्यापक डिस्कनेक्शन अभियान शुरू किया है।

कनेक्शन कटे, वसूली तेज
अभियान के तहत अब तक 6,964 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे गए, जिन पर कुल 5.59 करोड़ रुपये बकाया था। इसी दौरान 22,578 बकायादारों से 10.06 करोड़ रुपये की वसूली की गई।

सरकारी दफ्तरों पर कटा कनेक्शन
पखांजूर में बिजली विभाग ने 49 सरकारी कार्यालयों के कनेक्शन काट दिए, जिन पर 18 लाख रुपये का बकाया था। इनमें नगर पंचायत, जनपद पंचायत, और तहसील कार्यालय शामिल हैं। क्षेत्र में कुल 309 कनेक्शनों पर 2.47 करोड़ रुपये का बकाया है।

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
बिजली विभाग ने 5,000 रुपये से अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मार्च तक बकाया बिल नहीं चुकाने पर मीटर उखाड़ने की चेतावनी दी गई है।

सम्मानित होंगे अधिकारी
विद्युत वितरण केंद्र के कार्यपालक निदेशक एसके ठाकुर ने बताया कि बकाया वसूली को लेकर अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। वसूली अभियान में सफलता पर अधिकारियों को कंपनी की ओर से सम्मानित किया जाएगा।

Exit mobile version