कोरबा जिले के कटघोरा वन मंडल के केंदई रेंज में एक हाथी ने आज सुबह जमकर उत्पात मचाया है। इस घटना में एक बाइक को नुकसान हुआ है और एक युवक बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, तीन हाथी जंगल से निकलकर सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान लोगों ने शोर मचाकर हाथियों को डराने की कोशिश की। इससे एक हाथी गुस्से में आ गया और सड़क पर उत्पात मचाने लगा।
एक बाइक सवार युवक ने हाथी के पास जाकर उसे चिढ़ाने की कोशिश की। हाथी ने गुस्से में युवक पर हमला कर दिया, जिससे डरकर युवक भाग गया। हाथी ने उसकी बाइक को पटक-पटक कर तोड़ दिया।
इस घटना से सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया।
कटघोरा डीएफओ ने बताया है कि हाथियों को देखकर लोगों ने शोर मचाया, जिससे हाथी भड़क गया और उसने उत्पात मचाया। वन विभाग द्वारा हाथी को जंगल की ओर खदेड़ दिया गया है।

