रायगढ़। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ जिले में स्थित गोमर्डा अभ्यारण्य से गर्मी के मौसम में वन्यजीवों की मस्ती का खूबसूरत नजारा सामने आया है। खासकर हाथियों का झुंड पानी में खेलता और नहाता हुआ नजर आया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
साल 2023 से लगातार गोमर्डा में डेरा डाले हैं 27 हाथी, क्योंकि यहां पानी और चारे की पर्याप्त व्यवस्था है। गर्मी को देखते हुए वन विभाग ने तालाबों और टंकियों में पानी भरवा दिया है, जिससे हाथियों समेत अन्य वन्यजीवों को राहत मिल रही है।
हाथियों की मस्ती कैमरे में कैद
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बड़ा हाथी तालाब में सिर नीचे और पैर ऊपर करके मस्ती से नहा रहा है, वहीं दूसरा वीडियो में एक हाथी का बच्चा पानी की टंकी से सूंढ़ से पानी पीता और खुद को ठंडा करता दिख रहा है।
बरमकेला क्षेत्र आम लोगों के लिए बंद
पर्यटकों की भीड़ से जानवरों को बचाने के लिए बरमकेला क्षेत्र को आम लोगों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, ताकि वन्यजीव बिना किसी खलल के गर्मी से राहत पा सकें।
अन्य वन्यजीवों की भी मौजूदगी
हाथियों के साथ-साथ चीतल, सांभर, बायसन, कोटरी, लंगूर और भालू भी तालाबों के किनारे दिख रहे हैं। वे भी गर्मी से बचने के लिए पानी पीते और नहाते नजर आ रहे हैं।

