Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

महादेव सट्टा ऐप मामले में EOW की बड़ी कार्रवाई: प्रदेश के कई शहरों में छापेमारी

छत्तीसगढ़ में महादेव सट्टा ऐप के माध्यम से अवैध सट्टेबाजी के मामले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रदेश भर में कई ठिकानों पर छापेमारी की है।

सुबह से ही ईओडब्ल्यू की टीमें रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, कांकेर सहित अन्य जगहों पर एक साथ छापेमारी कर रही हैं। इन छापेमारियों में ईओडब्ल्यू के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में सुरक्षा बल भी शामिल हैं।

दुर्ग में ईओडब्ल्यू की टीमों ने सराफा व्यापारियों के निवास और दुकानों पर छापा मारा है। सहेली ज्वेलर्स और अलंकार ज्वेलर्स के संचालकों की दुकानों और निवासों पर सुबह-सुबह पहुंचकर दस्तावेजों की जांच के साथ ही उनसे पूछताछ की जा रही है। अलंकार ज्वेलर्स के संचालक प्रकाश सांखला के निवास स्थान पर पहले भी आईडी और ईडी की टीमें छानबीन कर चुकी हैं।

कांकेर-चारामा के वार्ड नंबर 13 में रहने वाले हवलदार विजय पांडे के घर पर भी ईओडब्ल्यू की टीम सुबह 5 बजे पहुंची। लेकिन घर पर ताला लगा होने के कारण टीम के सदस्य बाहर ही खड़े होकर किसी सदस्य के आने का इंतजार कर रहे हैं। कांकेर में महादेव सट्टा ऐप मामले में यह ईओडब्ल्यू की पहली कार्रवाई है।

यह कार्रवाई महादेव सट्टा ऐप के माध्यम से बड़े पैमाने पर किए जा रहे अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ शुरू की गई है। ईओडब्ल्यू को संदेह है कि इस ऐप के माध्यम से कई करोड़ रुपये की अवैध सट्टेबाजी की जा रही थी। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जप्त किए गए हैं। ईओडब्ल्यू द्वारा इस मामले में जांच जारी है और अभी तक कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Exit mobile version