बेमेतरा : छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी बारूद फैक्ट्री, इंडियन ऑर्डनेंस फैक्ट्री (ओएफसी) बोरसी में शनिवार सुबह एक ज़बरदस्त धमाका हुआ, जिसके बाद आग लग गई। यह घटना बेमेतरा जिले से 70 किलोमीटर दूर बोरसी गांव में स्थित है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई लोग घायल हुए हैं।
जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि विस्फोट बेरला विकास खंड के पिरदा गांव के पास स्थित इकाई में हुआ। विस्फोट में अब तक छह लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां पहुंच गईं। फिलहाल आग लगने का कारणों का पता नहीं चल पाया है।
एसडीआरएफ और पुलिस प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मौके पर एंबुलेंस भी बुलाई गई हैं।
आग इतनी भीषण है कि इसकी लपटें कई किलोमीटर दूर तक देखी जा सकती हैं। वहीं फैक्ट्री में हुए धमाके की आवाज कई किलोमीटर तक सुनाई पड़ी।
बताया जा रहा है कि घटना में कई लोगों की मौत भी हो सकती है, क्योंकि घटना के समय कर्मचारी फैक्ट्री में ही मौजूद थे।
आग की चिंगारियों से आसपास के रिहायशी इलाके को भी नुकसान पहुंचा है। धमाकों के बाद फैक्ट्री का मलबा दूर तक जाकर गिरा। इससे आसपास के लोग भी दहशत में आ गए।

