ECGC में फर्जी नियुक्ति का खुलासा: रायपुर से सामने आया धोखाधड़ी का मामला, जीरो FIR दर्ज

रायपुर। ECGC लिमिटेड कंपनी में फर्जी नियुक्ति का मामला सामने आया है, जिसमें रायपुर से परीक्षा देकर एक अन्य व्यक्ति ने नौकरी हासिल की। कंपनी के वरिष्ठ प्रबंधक लछमन गुलाबराय रोहिरा की शिकायत पर मुंबई के बांद्रा-कुर्ला थाने में जीरो एफआईआर (क्रमांक 016/25) दर्ज की गई है। इस मामले में विनीत कुमार रामदयाल मीना और एक अज्ञात व्यक्ति पर प्रोबेशनरी ऑफिसर की भर्ती में धोखाधड़ी का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, यह फर्जीवाड़ा 21 मार्च 2022 से 22 मार्च 2023 के बीच अंजाम दिया गया। आरोप है कि दोनों ने मिलकर किसी फर्जी उम्मीदवार को लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में शामिल करवाया और असली व्यक्ति की जगह नौकरी हासिल कर ली। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि नियुक्ति पाने वाला व्यक्ति और परीक्षा में शामिल होने वाला अभ्यर्थी अलग-अलग थे।

कंपनी ने 2022 में 75 प्रोबेशनरी ऑफिसर के पदों पर भर्ती निकाली थी। विनीत मीना ने आवेदन कर रायपुर स्थित आयोन डिजिटल ज़ोन में परीक्षा दी। साक्षात्कार के बाद उसे मुंबई की बांद्रा शाखा में नौकरी मिल गई। लेकिन बाद में संदेह के आधार पर जांच की गई, जिसमें पूरा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ। आरोपी ने बाद में नौकरी से इस्तीफा दे दिया और 89,428 रुपये कंपनी को वापस लौटा दिए।

अब रायपुर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 120(बी), 419, 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।

You May Also Like

More From Author