रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) 10वीं और 12वीं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में जुटा है, लेकिन इस बीच फर्जी कॉलर सक्रिय हो गए हैं। खुद को माशिमं का स्टाफ बताकर वे पालकों और छात्रों को उत्तीर्ण कराने का झांसा दे रहे हैं। कुछ लोग मोबाइल पर स्कैमर लिंक भेजकर पैसों की मांग भी कर रहे हैं।
माशिमं ने इस तरह की धोखाधड़ी को लेकर सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि यदि किसी को फर्जी कॉल आता है तो तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं।
प्रदेशभर में 36 केंद्रों पर मूल्यांकन कार्य चल रहा है, जिसमें पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं। शिक्षकों के मोबाइल के साथ महिला शिक्षिकाओं के हैंडबैग भी मूल्यांकन कक्ष में ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
पिछले साल भी हुई थी शिकायत, कार्रवाई शून्य
पिछले साल रायगढ़ समेत कुछ जिलों में फर्जी कॉल की शिकायत पुलिस में की गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस बार फर्जी कॉलर न केवल पैसे मांग रहे हैं, बल्कि रिजल्ट से पहले ही नंबर बताने का झांसा भी दे रहे हैं।

