रायपुर। अंबिकापुर में किसानों के नाम पर फर्जी ऋण और गबन के मामले को लेकर किसानों का प्रदर्शन जारी है। इस पर अपेक्स बैंक के अध्यक्ष केदार गुप्ता ने प्रेस वार्ता में कहा कि किसानों के नाम से लिए गए फर्जी लोन और लगभग 43 करोड़ रुपये के गबन की जांच की जा रही है। पूरे मामले को आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) को सौंपा जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
केदार गुप्ता ने बताया कि गबन से जुड़े सभी मामलों में सहकारिता अधिनियम की धारा 64 के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गबन में शामिल कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कोई भी हो, कानून से बच नहीं पाएगा।
किसानों को आश्वस्त करते हुए उन्होंने कहा कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार के कार्यकाल में बारदाना और भुगतान व्यवस्था में अव्यवस्थाएं थीं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के पास मजबूत और सुचारु ट्रांसफर सिस्टम है, जिसके तहत लगभग 2000 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा रहा है।
उन्होंने दोहराया कि किसानों के हितों की रक्षा की जाएगी और गबन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

