रायपुर।अगर आप ऑनलाइन ट्रैफिक चालान का भुगतान करते हैं, तो सतर्क हो जाएं। छत्तीसगढ़ में आरटीओ की फर्जी (क्लोन) वेबसाइट के जरिए लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। ठग भ्रामक मैसेज भेजकर लिंक पर क्लिक करवाते हैं और इससे लोगों की निजी जानकारी व बैंक खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं।
परिवहन विभाग, छत्तीसगढ़ ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि किसी भी संदिग्ध मैसेज लिंक, जैसे .apk फाइल या निजी नंबर से भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ई-चालान की जानकारी और भुगतान केवल आधिकारिक वेबसाइट https://echallan.parivahan.gov.in के माध्यम से ही करें।
ई-चालान जांच के लिए वेबसाइट पर जाकर Pay Online विकल्प चुनें, कैप्चा भरें, Get Detail पर क्लिक करें और मोबाइल ओटीपी दर्ज करें। विभाग ने बताया कि ई-चालान से संबंधित सभी आधिकारिक मैसेज भी इसी वेबसाइट के जरिए पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेजे जाते हैं।