बेमेतरा। रबी सीजन की शुरुआत में ही खाद की कमी किसानों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। खाती सहकारी समिति में खाद वितरण में अनियमितता के आरोपों से नाराज़ किसानों ने सोमवार को जोरदार हंगामा किया और बेमेतरा–थान खम्हरिया मार्ग पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। इससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। किसानों का कहना है कि यूरिया और डीएपी वितरण के लिए उनकी ऋण पुस्तिकाएँ पहले से जमा कराई गई थीं, लेकिन समिति ने बाद में जमा करने वालों को प्राथमिकता देते हुए खाद बांट दिया, जिससे स्टॉक खत्म हो गया।
किसानों ने समिति कर्मचारियों पर लेनदेन कर मनमाने तरीके से खाद बांटने का आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई और पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की। मौके पर सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।