Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

लोहरसी धान खरीदी केंद्र में भारी विवाद, नमी कटौती को लेकर किसानों का प्रदर्शन

राजिम। लोहरसी धान खरीदी केंद्र में शुक्रवार को किसानों और केंद्र प्रबंधन के बीच भारी विवाद हो गया। किसानों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि नमी के नाम पर प्रति बोरी 1 किलो तक की अवैध कटौती की जा रही है, जिससे उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

किसानों ने बताया कि कर्मचारी धान में मनमाने तरीके से अधिक नमी दिखा रहे हैं, जो खरीदी नियमों का खुला उल्लंघन है। किसानों का आरोप है कि कई दिनों से शिकायत करने के बावजूद प्रशासन या संबंधित अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।

खरीदी केंद्र के बाहर जोरदार नारेबाजी

सुबह से बड़ी संख्या में किसान खरीदी केंद्र के बाहर जमा हो गए और कथित धांधली, दबाव और अनुचित कटौती के खिलाफ नारेबाजी की। स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण होती गई और माहौल उग्र हो गया।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो वे अपना आंदोलन और तेज करेंगे। वहीं, प्रशासन की चुप्पी पर भी किसानों ने गंभीर सवाल उठाए हैं, क्योंकि लगातार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

Exit mobile version