Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

खाद संकट पर किसानों का फूटा गुस्सा, पैलीमेटा में चक्काजाम कर किया प्रदर्शन

खैरागढ़। खरीफ सीजन के बीच खैरागढ़ क्षेत्र में खाद संकट गहराता जा रहा है। यूरिया और डीएपी की कमी से नाराज किसानों ने ग्राम पैलीमेटा में चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि खाद वितरण केंद्रों में पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने से बुवाई का कार्य प्रभावित हो रहा है और उन्हें बार-बार केंद्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

जिला पंचायत सदस्य निर्मला विजय वर्मा, जिला महामंत्री लाल रोहित सिंह पुलस्त्य और जनपद सदस्य प्रेमलाल साहू के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में किसानों ने खाद की तत्काल उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की। आंदोलन को समर्थन देने खैरागढ़ विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा और पूर्व विधायक छन्नी साहू भी मौके पर पहुंचीं और किसानों की समस्याएं सुनीं।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द खाद आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और वितरण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों का कहना है कि समय पर खाद नहीं मिलने से खरीफ फसलों की बुवाई और उत्पादन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।

Exit mobile version