रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ऐतिहासिक वीर गाथा पर आधारित हिंदी फिल्म ‘छावा’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। उन्होंने यह घोषणा राजिम कुंभ के समापन समारोह के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान की।
युवा पीढ़ी को प्रेरित करने का उद्देश्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय छत्तीसगढ़ की जनता को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने और युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम एवं शौर्य की भावना जागृत करने के उद्देश्य से लिया गया है। उन्होंने कहा, “‘छावा’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि वीरता और स्वाभिमान की गाथा है, जिसे हर नागरिक को देखना चाहिए। यह फिल्म युवा वर्ग को प्रेरित करेगी और छत्रपति संभाजी महाराज के शौर्य, बलिदान और नेतृत्व को व्यापक रूप से प्रस्तुत करेगी।”
सिनेमाघरों में फिल्म देखना होगा सस्ता
मुख्यमंत्री के इस फैसले से छत्तीसगढ़ के दर्शकों को सिनेमा टिकट की कीमत में राहत मिलेगी, जिससे अधिक लोग इस फिल्म को देख सकेंगे और भारतीय इतिहास की समृद्ध विरासत से प्रेरणा ले सकेंगे।
फिल्म ‘छावा’ की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है, जिन्होंने मुगलों और अन्य आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष करते हुए अपनी वीरता, रणनीतिक कौशल और बलिदान की अमर गाथा लिखी। फिल्म उनकी अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना को जीवंत करती है।
ऐतिहासिक और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी फिल्मों को मिलेगा समर्थन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार समाज को प्रेरणा देने वाली और सांस्कृतिक चेतना को जाग्रत करने वाली फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की जनता, विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे इस फिल्म को देखें और भारतीय इतिहास के स्वर्णिम पन्नों से प्रेरणा लें।

