Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

फिल्मी स्टाइल में हाइवा चोरी, शातिर चोरों ने रातों-रात पार कर दी गाड़ी

मुंगेली। हाईवा चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह को पकड़ने में मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शातिर चोरों ने इस वारदात को फिल्मी स्टाइल में अंजाम दिया, जहां बैट्री डाउन और बिना डीजल के हाईवा को रातों-रात गायब कर दिया गया। हालांकि, मुंगेली पुलिस ने इन अपराधियों को मात देते हुए गुजरात से चोरी का हाईवा बरामद कर लिया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस कप्तान भोजराम पटेल ने बताया कि कबीरधाम जिले के पंडरिया निवासी धर्मेंद्र सिंह, जो ठेकेदारी का काम करता है, ने हाईवा (CG 10 BN 5500) को मेटेरियल सप्लाई में लगाया था। 26 फरवरी की रात 9 बजे ड्राइवर ने रेती खाली कर जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बरेला में गाड़ी खड़ी की थी, जिसे रात में अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया।

पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें चोरों द्वारा हाईवा का नंबर प्लेट बदलकर एक सफेद स्कॉर्पियो के साथ ले जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने रूट चार्ट तैयार कर साइबर तकनीक की मदद से अहम सुराग जुटाए। गुजरात पुलिस की लोकल क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर नूह (हरियाणा), अकरम खान (25, हरियाणा) और आजाद मियां (26, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया, जबकि तीन आरोपी फरार हो गए।

आरोपियों के पास से चोरी किया गया हाईवा, वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और 5 मोबाइल सहित कुल 52.75 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया। जरहागांव पुलिस टीम ने इस ऑपरेशन को सफल बनाया, जिसमें थाना प्रभारी सुशील कुमार बंछोर और उनकी टीम का अहम योगदान रहा।

Exit mobile version