भाजपा प्रत्याशी पवन अग्रवाल पर जातिगत टिप्पणी का आरोप, SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज

कोरबा। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच कटघोरा नगर पालिका वार्ड नंबर 6 से भाजपा प्रत्याशी पवन अग्रवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन पर एसडीएम सभागार में आदिवासी समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगा है। पुलिस ने उनके खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति निवारण अधिनियम (SC/ST Act) के तहत मामला दर्ज किया है।

क्या है पूरा मामला?

कटघोरा के एसडीएम सभागार में सभी प्रत्याशियों और दलों के नेताओं की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में कांग्रेस, भाजपा, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (गोंगपा) और अन्य दलों के उम्मीदवार मौजूद थे। इस दौरान EVM से मतदान प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। आरोप है कि इसी बीच भाजपा प्रत्याशी पवन अग्रवाल ने खुद को जानकार बताते हुए गोंड समाज के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी कर दी।

गोंगपा के स्थायी सदस्य लाल बहादुर सिंह कुर्राम के मुताबिक, 31 जनवरी को हुई इस बैठक में पवन अग्रवाल ने कहा – “हम समझदार हैं, हम गोंड गंवार नहीं हैं।” इस पर अन्य दलों के नेताओं ने आपत्ति जताई, लेकिन पवन अग्रवाल ने अपनी बात पर अड़े रहते हुए कहा – “तुम लोग हमें क्या समझाओगे, हम सत्ताधारी लोग हैं।”

पहले भी विवादों में रह चुके हैं पवन अग्रवाल

यह पहला मौका नहीं है जब पवन अग्रवाल विवादों में आए हैं। उन पर सत्ताधारी दल के नेता होने का दबाव बनाने के आरोप पहले भी लग चुके हैं। जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल से आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुईं, जिसके बाद गोंगपा के नेताओं की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

You May Also Like

More From Author