पिथौरा, महासमुंद: राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर कसीबहरा के पास चलती ट्रक में अचानक आग लग गई। ट्रक में आग लगते ही चालक और परिचालक ने कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि, इस घटना में चालक आग से झुलस गया, जिसे पिथौरा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे लगी आग?
जानकारी के अनुसार, ट्रक सरायपाली से रायपुर की ओर जा रहा था, जब कसीबहरा के पास यह हादसा हुआ। ट्रक में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी के कारण यह आग लगी होगी।
फायर ब्रिगेड की तत्परता से टला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।