कांकेर :
छत्तीसगढ़ के बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले की सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मंगलवार सुबह से मुठभेड़ जारी है। तीनों जिलों से 1 हजार से ज्यादा जवान ऑपरेशन में शामिल हैं। सुबह से ही रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार, कुछ नक्सलियों को गोली लगी है, जिसमें 7 नक्सली मारे गए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अबूझमाड़ के रेकावाया इलाके में बड़े कैडर के नक्सली मौजूद हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस फोर्स ने संयुक्त ऑपरेशन लॉन्च किया था। दंतेवाड़ा एएसपी गौरव राय ने बताया कि नारायणपुर पुलिस की टीम के साथ गोलीबारी हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता है, जवानों के लौटने के बाद ही सब कुछ स्पष्ट होगा।
इस बीच, सोमवार को बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। उन्होंने 41 लाख रुपयों के ईनामी 14 नक्सलियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 10 हार्डकोर नक्सली भी शामिल हैं। इन सभी नक्सलियों पर 41 लाख रुपए का इनाम घोषित था।

