रायपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती रायपुर ने फिट इंडिया अभियान के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया। रैली का उद्देश्य युवाओं को स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री सुमित उपाध्याय ने कहा कि नियमित साइकिलिंग शरीर को स्वस्थ रखने के साथ-साथ हृदय रोग, मधुमेह और मोटापे जैसी समस्याओं से बचाव में सहायक है। उन्होंने बताया कि साइकिल का उपयोग प्रदूषण और ईंधन की खपत को कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
रैली में खिलाड़ी, युवा, विद्यार्थी, सामाजिक संगठनों के सदस्य और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष संजय शर्मा, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डुमरे सहित कई खेल एवं सामाजिक क्षेत्र के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

