Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 40 किलो सड़े फल नष्ट

रायपुर। राजधानी रायपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को लालपुर स्थित थोक फल बाजार में विभागीय टीम ने सघन निरीक्षण करते हुए विभिन्न फलों के नमूने जांच के लिए एकत्र किए और करीब 40 किलो सड़े-गले फल मौके पर ही नष्ट कराए।

यह कार्रवाई नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल और कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर की गई। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों द्वारा बेचे जा रहे फलों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच की गई।

टीम ने तरबूज के दो, अनार का एक, आम का एक और मौसंबी का एक नमूना सहित कुल पांच सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान बाजार में रखे लगभग 40 किलोग्राम खराब और सड़े फल पाए गए, जिन्हें तुरंत नष्ट कराया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नागरिकों से खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर सतर्क रहने और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना विभाग को देने की अपील की है।

Exit mobile version