रायपुर। पूर्व सभापति प्रमोद दुबे ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर मंत्री, सांसद और अधिकारियों द्वारा बिजली बिल भुगतान न किए जाने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा कि बकाया बिजली बिलों के कारण छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
पत्र में प्रमोद दुबे ने डिप्टी सीएम विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, टंकराम वर्मा सहित कुछ सांसदों, मंत्रियों और आईएएस अधिकारियों का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि जब इन्हें उच्च वेतन और सरकारी सुविधाएं मिलती हैं, तो बिजली बिल भुगतान क्यों नहीं किया जा रहा।
उन्होंने मुख्यमंत्री से पूछा कि क्या इन लोगों को विशेष छूट दी गई है। साथ ही कहा कि एक ओर मंत्री सुशासन और टैक्स भुगतान की बात करते हैं, दूसरी ओर खुद बिजली बिल नहीं चुकाते। प्रमोद दुबे ने मुख्यमंत्री से मांग की कि सभी मंत्री, सांसद और अधिकारी अपने बिजली बिल का भुगतान कर उसकी रसीद सार्वजनिक करें.

