रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CSMCL) के कथित 172 करोड़ रुपये के ओवरटाइम भुगतान घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (EOW/ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व प्रबंध संचालक (एमडी) अरुणपति त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। उन्हें 17 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर शनिवार को विशेष न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने 20 जुलाई 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
EOW-ACB ने इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। जांच एजेंसी को पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासों की उम्मीद है।
क्या है मामला?
जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच कर्मचारियों के ओवरटाइम, अतिरिक्त कार्य दिवस, बोनस और सर्विस चार्ज के नाम पर विभिन्न मैनपावर एजेंसियों को 172 करोड़ रुपये से अधिक का कथित अवैध भुगतान किया गया। आरोप है कि इस राशि का बड़ा हिस्सा सिंडिकेट के माध्यम से नकद कमीशन के रूप में हासिल किया गया।
मामले की जांच तब तेज हुई जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नवंबर 2023 में 28.80 लाख रुपये नकद जब्त किए थे। इसी आधार पर EOW-ACB ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। इस प्रकरण में अब तक 12 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। फिलहाल एजेंसी मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।



