रायपुर। डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन (DMF) से जुड़े चर्चित मामले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व आईएएस अनिल टुटेजा को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध क्रमांक 02/2024 की जांच के बाद की गई।
जांच एजेंसी के अनुसार, डिजिटल साक्ष्यों, दस्तावेजों और गवाहों के बयानों के आधार पर यह सामने आया कि आरोपी ने DMF फंड से जुड़े कार्यों में अपने करीबी लोगों और फर्मों को कमीशन लेकर काम दिलाने में भूमिका निभाई। साथ ही रिश्तेदारों के जरिए अलग-अलग फर्मों को काम आवंटित कराने और इसके बदले कमीशन लेने के आरोप भी सामने आए हैं।
प्रारंभिक जांच में शासकीय धन के दुरुपयोग, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप स्थापित पाए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 26 फरवरी 2026 तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे और बड़े खुलासे हो सकते हैं। उल्लेखनीय है कि अनिल टुटेजा पहले से ही शराब घोटाले के मामले में जेल में हैं, जहां से उन्हें प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया गया।