जगदलपुर: नगरनार स्थित स्टील प्लांट में एक बड़ा हादसा हुआ है। ब्लास्ट फर्नेस में शॉर्ट सर्किट होने से चार कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रायपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य दो का इलाज जगदलपुर के महारानी अस्पताल में चल रहा है।
यह हादसा प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस में ब्रेकर मेंटेनेंस के दौरान हुआ। इस काम के लिए प्लांट प्रबंधन ने दो निजी कंपनियों के कर्मचारियों को तैनात किया था। काम के दौरान अचानक यूनिट में शॉर्ट सर्किट हो गया जिससे विस्फोट हो गया। इस हादसे में सीनियर टेक्नीशियन तापस नायक, सीमेंस कंपनी के महेंद्र कुमार, लहरे सिंह और अमरेंद्र कुमार चौधरी के अलावा इंटरप्राइजेज के देवेंद्र नाग बुरी तरह झुलस गए।
ब्लास्ट फर्नेस में हुए विस्फोट की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे की सूचना मिलते ही अन्य कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को तुरंत महारानी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर रूप से घायलों को रायपुर रेफर किया गया।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि हादसा शॉर्ट सर्किट के कारण हुआ है। हालांकि, हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

