दुर्ग। सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुरानी भिलाई पुलिस ने करीब 8 साल बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शमीम खान के रूप में हुई है।
मामला वर्ष 2018 का है। शिकायतकर्ता डी. सत्य साईं और उनके परिचित सीएच बैकुंठ राव को संभाग आयुक्त कार्यालय, दुर्ग में चपरासी के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया गया था। आरोपी की बातों में आकर दोनों ने उसे कुल पांच लाख रुपये दे दिए। रकम लेने के बाद न नौकरी लगवाई गई और न ही पैसे लौटाए गए।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान बैंक स्टेटमेंट, लेन-देन से जुड़ा वीडियो और अन्य दस्तावेज जुटाए गए। पूछताछ और दस्तावेजों के आधार पर आरोपी की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी के नाम पर किसी व्यक्ति को पैसे देने से पहले नियुक्ति प्रक्रिया और संबंधित विभाग से पूरी जानकारी जरूर जांच लें।

